आजमगढ़। चिह्नित अपराधियों की धरपकड़ तेज होने पर नौ बदमाशों ने अदालत में आत्म समर्पण कर दिया। इसमें तीस मौतों के लिए जिम्मेदार शराब माफिया, लुटेरे, आदि शामिल हैं। पुलिस की कई टीमें अन्य फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दे रही हैं और इनके घर, दोस्त आदि से लोकेशन ले रही हैं।
सीएम के आदेश पर पुलिस को सभी थानों में टापटेन के 279 बदमाशों की सूची तैयार कर सभी थानाध्यक्षों को सात दिन का टारगेट दिया गया है। एसपी की सख्ती के बाद थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास रत रहे। पुलिस के इसी दबाव का परिणाम रहा कि पांच दिनों के भीतर नौ बदमाश अदालत में समर्पण कर चुके। इसमें रौनापार, जीयनपुर और बिलरियागंज थाना क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई 30 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार शराब माफिया रौनापार थाना क्षेत्र का रहने वाला रामाश्रय साहनी, जीयनपुर का पांच हजार रुपये का इनामी और ग्राम प्रधान गनिका यादव, पुलिस एनकाउंटर में ढेर बदमाश जयहिंद यादव का मुखबिर तरवां थाना क्षेत्र का रहने वाला रामप्रवेश, लूट और हत्या के प्रयास में तरवां थाना क्षेत्र का जामवंत यादव, दीपक यादव, महातम यादव, दिलीप यादव उर्फ आदित्य, मेहनाजपुर थाने के सिधौना बाजार में शराब की दूकान में लूटने वाले बदमाश जौनपुर के चंदवक थाने के बिरीबारी गांव निवासी आशीष यादव, केराकत कोतवाली क्षेत्र के कुसरना नरायनपुर गांव निवासी उज्ज्वल सिंह आदि का नाम शामिल है।
कोट
थानाध्यक्षों को टारगेट दिए जाने के बाद वह अपने-अपने क्षेत्र के बदमाशों की धरपकड़ में जुट गए हैं। पुलिस के बढ़ते दवाब का परिणाम है कि अब तक नौ बदमाशों ने अदालत में सरेंडर कर दिया है। - अजय कुमार साहनी, एसपी