आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव के संगीत विद्यालय में मंगलवार को आयोजित पंचायत में पंचों के समक्ष ही ग्राम प्रधान और उसके समर्थकों द्वारा लाठी-डंडे की पिटाई से घायल हुए दस लोगों में से आठ लोग इलाज कराने के बाद घर चले गए। जबकि गंभीर रुप से घायल दो महिलाओं का इलाज चल रहा। घटना के बाद से ही आरोपी प्रधान सहित अन्य गांव में घूमकर उन्हें तरह-तरह की धमकी दे रहे। भयभीत ग्रामीणों ने बुधवार को गिरफ्तारी के लिए एसपी कार्यालय का घेराव किया। एसपी ग्रामीण ने सभी को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। ग्रामीणों के मुताबिक गंभीर रुप से घायल रसमणि देवी और सेवासी का अभी भी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। इन दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। गांव वालों का आरोप है कि घायल महिलाओं को एक्सरे के लिए बलिया भेज रहे हैं। ऐसे में शक है कि कहीं मिली भगत के चलते गंभीर चोट को मामूली न दिखा न दिया जाए। उधर मंगलवार की दोपहर मारपीट होने से दलित बस्ती के लोग भयभीत हैं। गांव वालों का आरोप है कि मंगलवार की रात ग्राम प्रधान रामबचन यादव सहित अन्य घूमकर और मारने की धमकी दे रहे। बता दें कि हरिहरपुर गांव में मंगलवार को पूर्ति निरीक्षक राशन वितरण में हो रही अनियमितता की जांच करने पहुंचे। इस दौरान प्रधान रामबचन यादव के अलावा उसका बेटा संतोष, आशीष, भांजा संजय, राहुल, पिंटू, फौजदार, हरिकेश, राकेश आदि लोग लाठी-डंडा से हमला बोल दिया और मारपीटकर दस दलितों को घायल कर दिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार गांव सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अभी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही। गांव के गतिविधियों पर भी नजर रखने के लिए सिपाहियों को लगाया गया है। - अजय कुमार यादव, सीओसिटी