आजमगढ़। अवैध रुप से बालू और गिट्टी का भंडारण करने वालों पर शासन-प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को अवैध रुप से भंडारण करने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस दौरान एसडीएम सदर ने दो स्थानों पर बिना लाइसेंस बालू और गिट्टी का भंडारण किये हुए पाया और उसे सीज कर दिया। शासन के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई से अवैध रुप से बालू-गिट्टी का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर प्रकाश चंद्र ने सिधारी थाना क्षेत्र के जमालपुर और बाजबहादुर में छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान दोनों ही स्थानों पर अवैध रूप से बालू और गिट्टी का भंडारण पाया गया। इसमें एक स्थान पर बालू-गिट्टी का भंडारण करने वाले राजेश ट्रेडर्स के पास किसी तरह का लाइसेंस भी नहीं था। एसडीएम सदर ने बताया कि मौके पर 1.08 घन मीटर सफेद बालू और 308 घनमीटर गिट्टी और 70 घन मीटर लाल बालू का भंडारण था। वहीं दूसरे कारोबारी कमलेश ट्रेडर्स के पास भी कोई लाइसेंस नहीं मौजूद था और भारी मात्रा में गिट्टी-बालू का भंडारण पाया गया। एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कागजी कार्रवाई के पश्चात दोनों स्थानों पर अवैैध रुप से भंडारण किये गये गिट्टी और बालू को सीज करने की कार्रवाई किया। एसडीएम ने बताया कि अवैध रुप से भारी मात्रा में रखे गये गिट्टी-बालू को जल्द नीलाम कर पैसा राजस्व विभाग के खाते में जमा करा दिया जायेगा। कार्यवाई के दौरान खनन अधिकारी विनीत सिंह और उनकी टीम भी मौजूद रही।