सरायमीर। बीनापारा गांव में शनिवार की सुबह जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद लाठी-डंडा और गोली चल गई। इसमें जांघ में गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। जबकि लाठी-डंडे की चोट से दो लोग घायल हुए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में उपजे तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है, ना ही थाने में तहरीर दी गई है।
मो. राशिद, मो. कैश, मो. जैश और एजाज सरायमीर थाना क्षेत्र के बीनापार गांव के निवासी हैं। पंद्रह दिन पूर्व एक पक्ष की जमीन में लगा पिलर दूसरे पक्ष ने उखाड़कर फेंक दिया था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। मामला थाने पहुंचने पर एसओ सरायमीर रामनरेश यादव ने दोनों पक्षों की थाने में पंचायत बुलाई और जमीन की पक्की पैमाइश कराकर विवाद सुलझाने को कहा था। दोनों पक्षों ने दस दिन का समय मांगा था। शनिवार की सुबह जिसका पिलर उखाड़ फेंका गया है, वह उसे खड़ा करवा रहा था। इसकी जानकारी होने पर दूसरे पक्ष ने विरोध जताया। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। इस पर काफी संख्या में मौजूद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एजाज को फावड़े और लाठी से पीटकर एजाज घायल कर दिया। मारपीट में घायल होने की सूचना पर दूसरे पक्ष के लोग पहुंचे और लाठी-डंडे से विपक्षियों पर टूट पड़े, जिसमें मो. जैश जख्मी हो गया। इसी बीच लाइसेंसी असलहे से किसी ने फायर कर दिया और पीछे से गोली लगने से मो. राशिद , मो. कैश घायल हो गए।
घटना के बाद गांव मेें तनाव फैल गया और सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल भेजवा गया और तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि मामला बिलकुल शांत है। मौके पर फोर्स तैनात कर दिया गया है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है, ना ही तहरीर ही मिली है।