आजमगढ़। जीआरपी आजमगढ़ और मऊ के संयुक्त प्रयास से बुधवार की शाम सठियांव रेलवे स्टेशन से ट्रेन में चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके पास से यात्रियों से चुराए गए 1.49 लाख रुपये बरामद हुए।
जीआरपी आजमगढ़ प्रभारी जगदीश कुशवाहा के मुताबिक गिरफ्तार किए गए चोरों में राजू गौतम, संजू राम, धर्मेंद्र राम, पवनेश मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गजहड़ा गांव, अखिलाश तहबरपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का निवासी है। जगदीश कुशवाहा ने बताया कि सरायमीर कस्बा निवासी मो. आसिफ 13 सितंबर को आजमगढ़ रेलवे स्टेशन से शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन में बैठकर परिवार के साथ सरायमीर जा रहे थे। आरोपी आसिफ के परिवार के ट्रेन में चढ़ते समय मदद करने के बहाने उसका बैग लेकर ट्रेन में चढ़ गए और बैग को ऊपर के सीट पर रख दिया। मौका पाकर बैग में रखे कीमती आभूषण आदि चुराकर फरार हो गए। घटना के संबंध में आसिफ ने जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आसिफ ने पुलिस रिकार्ड में मौजूद चोरों की तस्वीर में से राजू गौतम को पहचान लिया। इसी आधार पर पुलिस ने इन पांचों को बुधवार की शाम सठियांव रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से चोरी के 104950 रुपये बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान इन सभी ने चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल होने की बात कबूली है। पुलिस इनकी निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि यह सभी पेशेवर चोर हैं। रेलवे यात्रियों को ही अपना निशाना बनाते हैं।