तहबरपुर। थाना क्षेत्र के चकसुदी राजा सुदईपुर गांव में शुक्रवार की रात करीब दस बजे घात लगाए बदमाशों ने ग्राम प्रधान को गोली मार दी। पीछे से दाहिने तरफ सिर और कान को घायल करते हुए निकल गई। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। जबकि परिवार के लोग घायल प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने रात को ही वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना के संबंध में प्रधान के भाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही।
घायल प्रधान मंजूर अहमद (45) तहबरपुर थाने के चकसुदीराजा सुदईपुर गांव का निवासी है। घटना के संबंध में उसके भाई मकसूद अहमद ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें अपने चचेरे भाई अली आजम के अलावा गांव के अखिलेश गुप्ता और वीरेंद्र शर्मा को आरोपित किया है। पीड़ित का आरोप है कि उसके भाई ग्राम प्रधान मंजूर अहमद शुक्रवार की रात करीब दस बजे घर से भोजनकर कुछ दूर पर मौजूद अपनी मड़ई में सोने जा रहे थे। तभी घात लगाए बदमाशों ने प्रधान को गोली मार दी।
मकसूद का आरोप है कि घटना के समय अखिलेश और वीरेंद्र ने ललकारा और गोली उसके चचेरे भाई अली आजम ने चलाई। घटना का कारण चुनावी रंजिश बताई गई है। रात को गोली लगने से घायल हुए प्रधान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही।