आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पियरिया धर्मशाला गांव में स्थित बंद पड़े महिला महाविद्यालय से गुरुवार की शाम भारी मात्रा में शराब के साथ गिरफ्तार किए पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ मिश्रा की निशानदेही पर शुक्रवार की भोर में बिलरियागंज थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से बिलरियागंज थाने के कोठिहर किशुनदेवपुर गांव निवासी छोटू सिंह के कच्चे मकान में छापेमारी कर 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब और उपकरण बरामद की। पुलिस को देख तस्कर फायर कर भागने लगे। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि अन्य चकमा देकर भाग निकले।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में परशुराम यादव और अखिलेश पासी बिलरियागंज थाने के शहाबुद्दीनपुर और छोटू सिंह कोठिहार गांव का निवासी है। एसपी ने बताया कि यह सभी आरोपी छोटू सिंह के खंडहरनुमा मकान में अवैध शराब का कारोबार करते थे। तलाशी के दौरान अड्डे से पांच ट्रक में भरकर रखा गया एक हजार लीटर अपमिश्रित शराब, 80 पेटी में भरकर रखी गई 3600 शीशी, शराब की सप्लाई में प्रयुक्त एक मारुती ऑल्टो कार, एक तमंचा और तीन कारतूस आदि शामिल है। बरामद शराब और उपकरणों की कीमत करीब 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। एसपी ने बताया कि पूर्व विधायक से हुई पूछताछ के दौरान शराब के इस अड्डे की जानकारी हुई। भोर में पुलिस टीम योजनाबद्ध छापेमारी की। वहां मौजूद आरोपी पुलिस पर गोली चला दिए, तीन को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि अन्य चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया है।