फरिहां। छात्राओं की सुरक्षा के प्रति निजामाबाद थाने की पुलिस उदासीन है। मनचलों द्वारा आए दिन छेड़खानी और फब्तियां कसने से परेशान छात्राओं ने जल्द ही कार्रवाई न होने पर स्कूल छोड़ने की चेतावनी दी है। छात्रा और अभिभावकों की चेतावनी से परेशान कालेज प्रबंधकों ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कई फरिहां चौकी और निजामाबाद थाने पर शिकायत की। दो दिनों तक पुलिस सक्रिय रही। इसके बाद मौन साध गई है। यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। आजमगढ़-लखनऊ मुख्य मार्ग पर स्थित निजामाबाद थाना क्षेत्र का फरिहां बाजार है। इस बाजार के आसपास दो इंटर कालेज और दो महाविद्यालय है। जिसमें बीटीसी, बीएड, डीएलएड आदि का भी कोर्स चलता है। इन विद्यालयों में आसपास के फैजुल्लाहपुर, बीबीपुर, अंबरपुर, असीलपुर, नंदपुर, बड़ागांव आदि क्षेत्र के 20 से अधिक गांव केे छात्र-छात्राएं पढ़ती हैं। एक प्राइवेट इंटर कालेज के प्रबंधक श्यामजी उपाध्याय और महाविद्यालय के प्रबंधक सुजीत सिंह ने बताया कि कालेज के आसपास पुल या पेड़ के नीचे तमाम मनचले खड़े रहते हैं। यह लोग सुबह शाम स्कूल आने और जाने वाली छात्राओं के साथ छेडखानी करते हैं। तरह-तरह के अश्लील कमेंट करते हैं। विरोध करने पर लड़कियों के साथ मारपीट करते हैं। मनबढ़ स्थानीय होने की वजह से विरोध करने पर इनके घर और गांव के लोग भी समर्थन में उतर आते हैं। इसको लेकर कई बार मारपीट भी हो चुकी है। मनबढ़ों की हरकत से तंग होने पर पंद्रह दिन पूर्व थाने में शिकायत की गई तो दो दिनों तक पुलिस सक्रिय रही। इसके बाद शांत हो गई। कालेज प्रबंधकों ने बताया कि छेड़खानी से तंग ज्यादातर छात्राएं और उनके अभिभावक मनबढ़ों के विरुद्ध कार्रवाई न होने पर पढ़ाई छोड़ने या छुड़ाने की चेतावनी दे रहे हैं।
मामला हमारे संज्ञान में नहीं था। जल्द ही महिला इंस्पेक्टर के नेतृत्व में महिला पुलिस की टीम गठित की जाएगी। जिनका प्रमुख कार्य छात्राओं की सुरक्षा और शोहदों की खबर लेना होगा। - कमलेश बहादुर, एसपी सिटी