आजमगढ़। संदीप की मौत मामले में पुलिस उस कारण का पता लगाने में जुटी है जिसकी वजह से उसने आत्महत्या की और उसके लिए इतनी दूर की जगह क्यों चुनीं। पुलिस अपनी जांच में ब्लू व्हेल गेम को भी प्रमुखता से शामिल कर रही है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 11वीं के छात्र संदीप चौहान के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक थी। चार सितंबर की सुबह वह घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकला। लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में उसकी लाश बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के हरधरपुर रेलवे क्रासिंग के पास शीशम के पेड़ से लटकते हुए मिली। संदीप के लाश का पोस्टमार्टम बलिया जिले में हुआ जिसमें मौत की वजह आत्महत्या बताई गई। तलाशी के दौरान संदीप के साइकल की चाबी भी उसके जेब में थी जबकि साइकल आजमगढ़ में पाई गई थी । ऐसे में सवाल उठता है कि कहीं संदीप क ाफी दिनों से आत्महत्या की योजना तो नहीं बना रहा था। या फिर कोई अन्य वजह रही। अब तक की जांच से पता चला है कि घटना वाले दिन संदीप आजमगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर बलिया गया। मौत की वजह तलाशने में जुटी पुलिस की शक की सूई ब्लू व्हेल गेम पर भी जा रही है। वहीं पुलिस ने जांच का दूसरा आधार घर वालों की डांट-फटकार भी है।
संदीप के मौत की वजह की तलाश की जा रही है। इस दौरान मोबाइल चैटिंग, दोस्तों से बातचीत और घर वालों से मनमुटाव आदि बिंदुओं को शामिल किया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। - अजय कुमार साहनी, एसपी