आजमगढ़। सौभाग्य योजना के तहत निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में लगने वाले मुफ्त बिजली मीटर के बदले में ग्रामीणों से 150-150 रुपये लेकर मीटर लगाने वाले प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों के विरुद्ध जेई हेमंत कुमार यादव ने तहरीर देकर मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बिलयिागंज थाना क्षेत्र के पटवध गांव निवासी अविनाश राय और उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों को आरोपित किया है।
विद्युत उपकेंद्र सोफीपुर के अवर अभियंता हेमंत कुमार यादव ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत कैंप लगाकर गरीब उपभोक्ताओं के घर मुफ्त में बिजली का मीटर लगाना है। इसके लिए सरकार ने प्राइवेट कंपनी सेक्योर मीटर कंपनी को ठेका दिया गया है। कंपनी में काम करने वाले बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध गांव निवासी अविनाथ राय अपनी टीम के साथ 19 अप्रैल को निजामाबाद तहसील क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव पहुंचे और कैंप लगाकर मीटर लगाने का काम शुरू किया। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने गांव के विनोद कुमार, मुरतिया देवी, मनभावती, इलमतिया देवी, बसंता आदि के घर मीटर लगाया। निशुल्क मीटर के एवज में 150-150 रुपये लिए गए । शिकायत मिलने पर डीएम के निर्देश पर मामले की जांच हुई। दोषियों के विरुद्ध मंगलवार को निजामाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।