आजमगढ़। आतंकी फंडिंग के मामले में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के तरौका गांव निवासी सुशील राय उर्फ अंकुर सहित दस लोगों की गिरफ्तारी के बाद सुर्खियों में आए जिले के अन्य लोगों के रिकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों की मानें तो यह लोग किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए धन इकट्ठा कर रहे थे।
खुफिया विभाग के मुताबिक भारत में इस्लामिक मूमेंट को और मजबूत करने और दहशत फैलाने के लिए कोई बड़ा धमाका करने के लिए चंदा इकट्ठा करने की बात गंभीरपुर थाना क्षेत्र के छाऊ गांव निवासी अबू जैद की गत दिनों मुंबई एयरपोर्ट से हुई गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा हो गया था। जांच एजेंसियों के पूछताछ में अबू जैद ने बताया कि था कि उसके एजेंट अन्य जगहों पर फैले हुए हैं। अबू जैद से मिले इनपुट के आधार पर ही जांच एजेंसियां गहनता से जांच पड़ताल करने में जुटी हुई थी। जिसका परिणाम रहा कि यूपी एटीएस को सुशील राय सहित अन्य दस लोगों की गिरफ्तारी करने में सफलता मिली है। एटीएस सहित अन्य जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि सुशील सहित अन्य लोग पाकिस्तान से धन मंगाकर किन-किन क्षेत्रों में और कहां-कहां भेज रहे थे। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली, लेकिन जांच पड़ताल जारी है।