सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव पूनापार गांव निवासी युवक मंगलवार की सुबह अपने बिस्तर पर मृत हाल में पड़ा मिला। परिजन युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कह रहे है।
बड़ागांव पूनापार निवासी हरिमोहन राजभर (35) पुत्र स्व. श्यामधारी का विवाह 16 वर्ष पूर्व मऊ जिले के कुल्हाड़े गांव में हुआ था। बीते आठ वर्षों से उसकी पत्नी मीना अपने तीन बच्चों को लेकर मायके में रह रही है। हरिमोहन पत्नी के मायके से वापस लौटने से काफी परेशान रहता था और अत्यधिक शराब पीता था। घर पर उसके साथ मां सुधिया देवी रहती थी। सोमवार की रात वह घर लौटा और खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार की सुबह जब वह देर तक नहीं उठा तो मां उसे जगाने के लिए कमरे में गई तो उसे बिस्तर पर ही मृत हाल में पड़ा देखा। हरिमोहन के गले में जहां ट्यूब लपेटा हुआ था वहीं उसके मुंह, नाक और कान से खून निकल रहा था। बेटे को बिस्तर ही मृत देखकर मां शोर मचाने लगी। मां की चीख सुन कर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। इसी बीच किसी ने सूचना पुलिस को भी दे दी। जानकारी होने पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मां के अनुसार बहु के वापस न लौटने के चलते उसका बेटा काफी परेशान था और इसी के चलते संभवत: उसने आत्महत्या की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।