तहबरपुर/लालगंज। तहबरपुर थाना क्षेत्र के करियाबर गांव निवासी बहावन राम के दरवाजे पर स्थित गिरजाघर में रविवार को प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। प्रार्थना के बाद सभी का धर्म परिवर्तन होना था। समय पर इसकी सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। मौजूद लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इसीक्रम मेें शनिवार को देवगांव कोतवाली के गोला बाजार में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने पर एसडीएम लालगंज ने पुलिस को जांच सौंपते हुए जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।
तहबरपुर थाने के करियाबर गांव निवासी बहावन राम पुत्र बनवासी काफी दिनों पहले अपना धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म स्वीकार कर लिया है। वह अपने घर के सामने गिरजाघर भी बनवा लिया है। जहां सुबह-शाम को प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है। रविवार को यहां बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन करने के लिए क्षेत्र के तमाम महिला और पुरुषों को इकट्ठा किया गया था। लोग ढोलक आदि बजाते हुए प्रार्थना कर रहे थे। तभी इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर को हुई, कुछ ही देर में पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस की जीप देखते ही ज्यादातर लोग फरार हो गए। मौके पर जो भी मिला उसे प्रभारी निरीक्षक ने चेतावनी देकर छोड़ दी। साथ ही सक्षम अधिकारियों से अनुमति लेने के बाद ही आगे कोई काम करने का निर्देश दिया। इसीक्रम में देवगांव कोतवाली के गोला बाजार में शनिवार को आरती पत्नी बबलू सेठ के घर कुछ लोग ईसा मसीह के मानने वाले आए थे। इसी बीच बाजार में कहीं किसी ने धर्म परिवर्तन कराने का आरोप आरती पत्नी बबलू सेठ के ऊपर लगाते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में चौकी प्रभारी लालगंज अनिरुद्ध सिंह पहुंच गए। जहां धर्मा देवी पत्नी चंदू राम, राधिका पत्नी राम बदन, मंजू चौहान पत्नी विजय चौहान, रानी पत्नी संतोष आदि मौके पर मिले। पुलिस ने पूछताछ किया तो पता चला यह लोग ईसा मसीह की प्रार्थना और पूजन करते हैं। इसलिए शनिवार को यहां पर आए हैं। धर्म परिवर्तन कराने के नाम पर बबलू व आरती सहित जो लोग इनके घर पर पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया, लेकिन बाजार पर कई लोगों ने बताया कि पूर्व से लेकर अब तक कई लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का कार्य किया जा चुका है। मामले को पुलिस ने एसडीएम के यहां पेश किया। एसडीएम ने सभी को चेतावनी देकर छोड़वा दिया।
धर्म परिवर्तन कराने की बात सामने आई थी, पकड़े गए लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। साथ ही चौकी प्रभारी लालगंज को निर्देश दिया गया है कि वह मामले की गंभीरता से जांचकर रिपोर्ट दें, यदि धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। - प्रियंका प्रियदर्शी, एसडीएम लालगंज