सरायमीर। खुदकास्ता मुहल्ले में रविवार की शाम एक युवक ने खुद को कमरे में बंद कर दिया। सोमवार को दोपहर में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। हालांकि इस दौरान कैंची लगने से युवक सहित दो लोग घायल हो गए। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जाता है।
खुदकास्ता मुहल्ला निवासी अजय सोनकर (21) पुत्र छोटेलाल ने रविवार की शाम सात बजे अपने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। परिवार वाले रातभर दरवाजा खुलवाने का प्रयास करते रहे। दरवाला खुलवाने में असफल रहे घरवालों ने इसकी सूचना सरायमीर थाने पर दी गई। मौके पर एसओ सरायमीर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ चेयरमैन पति रामप्रकाश यादव के अलावा समाजसेवी पप्पू पेजर भी पहुंचे। पुलिस के आने पर अजय ने भीतर से धमकी दी कि यदि कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो वह खुद को कैंची मार लेगा। पप्पू पेजर ने दरवाजा तोड़ा और उनके अंदर घुसते ही अजय ने पेट में कैंची घोंप ली। बीच बचाव करने में पप्पू के हाथ में भी कैंची लग गई। दरवाजा खुलते ही पुलिस ने अजय को पकड़ लिया। आनन-फानन में अजय और पप्पू पेजर को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद डाक्टर ने पप्पू पेजर को छोड़ दिया और अजय को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अजय ने कमरे में रखी टीवी समेत सभी सामान भी तोड़ नष्ट कर दिया था। अजय के घरवालों ने बताया कि उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। इस दौरान रविवार की रात से ही अजय के दरवाजे पर लोगों की भीड़ रही।