आजमगढ़। अपर जिलाधिकरी प्रशासन लवकुश कुमार त्रिपाठी ने गांधी जयंती को लेकर गुरुवार केे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने इस दौरान आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर सुबह छह बजे सभी स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी, आठ बजे राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके तुरंत बाद सभी कार्यालय और विद्यालयों आदि के किसी बड़े कक्ष या हाल में महात्मा गांधी के बड़े चित्र का अनावरण और माल्यार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को भी आमंत्रित किया जाए। सुबह नौ बजे से 10 बजे तक साफ-सफाई नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों की मलिन बस्तियों में की जाएगी। गांवों की साफ सफाई ईओ और डीपीआरओ द्वारा की जाएगी। सुबह आठ बजे से 10.30 बजे तक जनपद स्तरीय पुरूष प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 100 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर रेस सुखदेव पहलवान स्टेडियम में होगी। 10.30 बजे से 12.30 बजे तक सभी विद्यालयों, स्कूलों में गांधीवादी जीवन दृष्टि का प्रचार-प्रसार, वाद विवाद प्रतियोगिता, गोष्ठी, निबंध लेखन आदि का आयोजन किया जाएगा। सुबह 9.30 बजे से क्षेत्रीय गांधी आश्रम के कार्यालयों पर सूत कातने और चरखा की प्रतियोगिता का आयोजन खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा कराया जाएगा। कार्यक्रमों में महिलाओं को विशेष रूप से भाग लेने हेतु प्रोत्साहित और आमंत्रित किया जाए। उन्होंने बताया कि कक्षा आठ तक के बच्चों द्वारा सुविधाजनक उपयुक्त स्थान पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाए। शाम तीन बजे से पांच बजे तक साक्षरता, ग्राम पंचायतों की स्वायत्तता, स्वच्छता और सादगी प्रदर्शनी का आयोजन ठंडी सड़क पर किया जाए। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।