आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव में 22 सितंबर की शाम करेंट लगने से झुलसे संविदाकर्मी की इलाज के दौरान शनिवार की देर शाम प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी भरत (35) पुत्र रामबुझ प्राइवेट लाइनमैन के तौर पर विद्युत उपकेंद्र सिरौला में काम करता था। 22 सितंबर की शाम भरौली गांव में गड़बड़ हुए विद्युत तार को जोड़ने गया हुआ था। तार जोड़ते समय ही विद्युत आपूर्ति शुरू हो जाने से भरत को करेंट लगा और वह झुलस गया। परिवार के लोग झुलसे भरत को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हुए थे। जहां इलाज के दौरान शनिवार की शाम उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। उधर भरत की मौत के बाद उसकी पत्नी प्रमीला देवी ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैंन के पद पर तैनात सुल्तानपुर जिले के तेतुआ गांव निवासी विपीन कुमार दूबे और अतरौलिया थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी शेषनाथ मिश्रा को आरोपित किया है। प्रमीला का आरोप है कि इन्हीं दोनों लोगों की लापरवाही से उसके पति की मौत हुई है। सीओ बूढनपुर श्यामनरायण ने बताया कि गैरइरादतन हत्या की धारा में घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।