आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा मोड़ के पास रविवार को पुलिस को चकमा देकर फरार हुए अभियुक्त को सोमवार की शाम रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। तहबरपुर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में दो चोरों को गिरफ्तार किया था। रविवार को न्यायालय में पेशी के बाद दोनों चोरों को थाने के हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सिंह व आशीष मिश्रा दोनों चोरों को जेल पहुंचाने आटो से जा रहे थे। सिधारी थाना क्षेत्र के छतवार मोड़ के पास एक चोर रवि सरोज पुत्र स्व. बुझारत निवासी सोनवारा थाना रानी की सराय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस अभिरक्षा से चोर के फरार होने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस मामले में सिधारी थाने में अभियुक्त रवि सरोज के साथ ही हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सिंह व अशीष मिश्रा के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया। अभियुक्त के फरार होने के बाद से ही पुलिस प्रशासन उसकी तलाश में जुट गई। एसओ तहबरपुर केके गुप्ता ने बताया कि सोमवार को फरार अभियुक्त रवि सरोज को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि फरार होने के बाद वह घर पहुंचा और परिजनों से पैसा लेने और घर पर रखा अवैध असलहा आदि लेकर हरियाणा भागने की फिराक में रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान उसे धर दबोचा गया। चोरी के मामले में नामजद रवि के दो साथी वर्तमान में हरियाणा में रह रहे हैं और यह भी उन्हीं के पास जाने के लिए फरार हुआ था।