ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के असवनिया गांव निवासी अजीत यादव (28) की गुरुवार को कुएं से बरामद हुई लाश के मामले में शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से खुलासा हुआ कि सिर और हाथ में गंभीर चोटें लगने से अजीत की मौत हुई है। मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद पुलिस जहां आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं आरोपियों में से एक की मां शुक्रवार को एसपी से मिलकर गुहार लगाई और अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए गलत मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाई।
असवनिया गांव निवासी अजीत यादव बुधवार की रात गांव में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था, लेकिन वहां से घर नहीं लौटा। दूसरे दिन गुरुवार को अजीत की लाश उसकेे घर के समीप स्थित कुएं से बरामद हुई थी। घटना के संबंध में अजीत के पिता श्यामा यादव ने गांव के मुकेश सिंह उर्फ पिंटू और अमित यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। उसका आरोप है कि बारात में विवाद होने के बाद दोनों आरोपी अजीत की हत्या कर लाश कुएं में फेंक दिया। हालांकि पुलिस बगैर मौत का कारण जाने आगे की कार्रवाई को रोक दी थी। शुक्रवार को अजीत के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए पता चला कि उसकी मौत सिर और हाथ में गंभीर चोटें लगने की वजह से हुई है। उधर शुक्रवार को आरोपी मुकेश सिंह की मां क्रांति देवी एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। साथ ही बताया कि उसका बेटा निर्दोष है। उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर फंसाया जा रहा है। क्रांति देवी का आरोप है कि अजीत और उसके घर से पुरानी रंजिश चलती है। कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत और थाने तक मामला पहुंचा है। इसी रंजिश के चलते लोग उसके बेटे को फंसा रहे हैं। एसपी अजय कुमार साहनी ने पूरे मामले की विधिवत जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का भरोसा दिया।