आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर बाजार में स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीजीआई) के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश चंद्रा को बीते कई दिनों से अज्ञात बदमाश के स्तर से मोबाइल पर धमकी देेने का मामला सामने आया है। अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल से मिलने वाली धमकी में जिले के बड़े नेताओं की उपेक्षा करने पर अस्पताल में नहीं रहने की धमकी मिल रही है। इससे भयभीत चिकित्साधीक्षक ने मंगलवार को जहानागंज थाने में तहरीर दिया है। वहीं तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई।
अत्याधुनिक सुविधायुक्त अस्पताल चक्रपानपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश चंद्रा ने बताया कि छह जनवरी की शाम पांच बजे वह अस्पताल में मौजूद थे। तभी मोबाइल पर कॉल आया कि तुम नेताओं को गाली देते हो और उनकी बात नहीं सुनते हो। तुमको यहां पर रहना हो तो सही तरीके से रहो, परना तुम्हें और तुम्हारे परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है। हालांकि इस कॉल को किसी का मजाक समझकर टाल दिए, लेकिन सात जनवरी को पुन: धमकी भरा फोन आने पर वह भयभीत हो गए। मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश चंद्रा ने जहानागंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।