आजमगढ़। मुकेरीगंज में पटाखा दुकान में हुए हादसे के बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम और सीओ ने अपने-अपने क्षेत्र में पटाखे की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण रिपोर्ट डीएम को सौंप दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार 95 प्रतिशत दुकानें आबादी के बीच में हैं। शनिवार देर शाम बैठक कर सभी दुकानदारों को आबादी के बाहर दुकान शिफ्ट करने का निर्देश दिया है। उन्हें नोटिस भी भेजा जा रहा है। वहीं, कई शस्त्र विक्रेताओं की दुकान भी बिना रिन्युअल चलती पाई गई हैं। इन्हें भी नोटिस जारी किया जा रहा है।
मुकेरीगंज में अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट में 11 लोगों की मौत के बाद प्रशासन की निगाहें पटाखा व्यवसायियों और शस्त्र दुकानदारों पर टेढ़ी हैं। पिछले दिनों डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने सभी एसडीएम और सीओ को इन दुकानों की जांच कर रिपोर्ट तलब की थी। प्रशासन के रिकार्ड के अनुरूप जिले में कुल 27 पटाखा के लाइसेंसी दुकानदार है। इनमें मुकेरीगंज स्थित रामानंद, दयानंद, शंभूनाथ पुत्रगण बीरबल की दुकानों को निलंबित किया जा चुका है। अन्य दुकानों की जांच रिपोर्ट भी डीएम को मिल गई है। इसमें लगभग सभी दुकानें आबादी के बीच में हैं। ऐसी स्थिति में इन सभी को नोटिस जारी किया जा रहा है। इन दुकानों के लाइसेंस का नवीनीकरण भी 2017 में दो साल के लिए हुआ था। वो भी पूरा हो चला है। नोटिस के बाद जो अपनी दुकान आबादी से बाहर करते हैं उनका ही नवीनीकरण किया जाएगा। अन्य दुकानें निरस्त कर दी जाएंगी। वहीं, 13 को शस्त्र विक्रेता के लाइसेंस शासन से जारी हैं। इनमें पांच के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए शासन को भेजे गए थे। शासन से दो का ही नवीनीकरण हुआ, तीन की फाइल अभी शासन में है। दो अन्य दुकानदारों की फाइल भी पुलिस की रिपोर्ट के साथ आई है। इन्हें भी शासन को भेजने की तैयारी है। अन्य छह दुकानदारों के लाइसेंस का नवीनीकरण भी नहीं हुआ है। संबंधित विभाग का कहना है कि सभी लाइसेंसधारियों ने अपनी दुकान नहीं खोली है। इन लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। जवाब मिलने के बाद इसके निरस्तीकरण की भी कार्रवाई की जाएगी। एडीएम प्रशासन ने बताया कि शनिवार की बैठक में पटाखा कारोबारियों को जानकारी दी गई है। अब नोटिस जारी की जा रही है।