जहानागंज/कटानी बाजार। लूट व छिनैती की अलग अलग घटनाओं में वांछित चल रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत जहानागंज पुलिस ने शनिवार की देर रात छापेमारी कर दो प्रधान समेत आठ लोगों को उनके घर से उठाया। वहीं महाराजगंज पुलिस ने भी दो वांछितों को गिरफ्तार किया है। इन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जहानागंज समेत कई अन्य थाना क्षेत्रों में हुई लूट व छिनैती की घटनाओं में वांछित कई शातिर फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी का एसपी ने सख्त निर्देश दिया है। इसे लेकर सभी थानों की फोर्स सक्रिय हो गई है। जहानागंज पुलिस ने शनिवार की देर शाम क्षेत्र में रहने वाले आठ वांछितों को उनके घरों पर छापेमारी कर उठा लिया। इनमें ग्राम प्रधान मेतपुर प्रमोद यादव, प्रधान खानपुर सुनील सिंह के साथ ही गुड्डू यादव निवासी अमठा गोपालपुर, अवध सरन चौबे व संजय निवासी खानपुर, दिनेश चौबे निवासी गोहना, दीपक राजभर महुआ मुरादपुर व गोरखपुर टिसौरा शामिल है। इन वांछितों की गिरफ्तारी पुलिस ने अब तक नहीं दिखाई है लेकिन हिरासत में लेकर पुलिस लाइन में इनसे पूछताछ कर रही है।
उधर महाराजगंज पुलिस ने भी शनिवार को दो वांछितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में रमेश नोना पुत्र मनीराम निवासी सरैया को परशुरामपुर मोड़ से गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य वांछित हरिशंकर यादव पुत्र स्व. भुलई यादव को भी परशुरामपुर नहर पुलिया के पास से ही गिरफ्तार किया गया है।