नरवाना रोड पर दो गुटों में मारपीट मामले में तीन गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। नरवाना रोड पर स्थित एक फार्म हाउस पर तीन फरवरी को दो गुटों के बीच हुए झगड़े के मामले में शनिवार को सदर थाना जींद ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के लिए तीन फरवरी को एक पुरानी कार की खरीद को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया था। इसमें जमकर गंडासी और लाठी-डंडे चले थे। इसमें दोनों तरफ से कई युवा आपस में उलझ गए। इसी बीच कुछ के हाथों में गंडासी देखे गए तो कुछ के हाथों में लाठी-डंडे दिखाई दिए। इसके बाद एक पक्ष के लोग एक धर्मकांटा के ऑफिस में घुस गए, यहां पर भी उनके पीछे विरोधी पक्ष ने तेजधार हथियारों से वार जारी रखे। इसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए और आरोपी फरार हो गए। इसमें नरवाना रोड निवासी रणदीप, बराह खुर्द निवासी सुधीर व अरविंद, अनूप व सुंदर नगर जींद निवासी विनोद गंभीर रुप से घायल हुए हैं। जांच अधिकारी एएसआई भगवत दयाल ने कहा कि पुलिस ने विनोद की शिकायत पर बराह कलां निवासी सिकंदर, अरविंद व सुधीर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।