पल्हना। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पल्हना बाजार स्थित किराने की एक दुकान में सोमवार की रात साढ़े नौ बजे नकाबपोश बदमाश दुकानदार को तमंचा सटाकर गल्ले में मौजूद 40 हजार रुपये, गले का चेन, दो अंगूठी, उसका व उसके चालक के चार मोबाइल लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर दुकानदार में घटना की सूचना पल्हना चौकी पर दी। जानकारी होने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम से अवगत होने के बाद लौट गई। दुकानदार की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद है। इसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पीड़ित राजकुमार जायसवाल मेंहनगर थाना क्षेत्र के पवनी खुर्द गांव के निवासी हैं। वह काफी दिनों से पल्हना बाजार में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं। मकान में ही किराने के थोक और फुटकर सामानों की दुकान किए हैं। राजकुमार के मुताबिक सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह दुकान में बैठकर हिसाब-किताब कर रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश लोग पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा जबकि अन्य दो भीतर घुस आए। बदमाशों में से एक ने उसे तमंचा दिखाते हुए कुर्सी को धक्का देकर काउंटर से दूर कर दिया। साथ ही गल्ले में रखा करीब 40 हजार रुपये नगद, गले से चैन, दो अंगूठी और मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने दुकान के बाहर खड़े चालक मिथिलेश के दो मोबाइल भी छीन लिया। बगल में दूसरे व्यवसायी की जेब से तीन सौ रुपये भी छीनकर फरार हो गए। पल्हना बाजार में जिस दुकान में लूट की वारदात हुई, वह पल्हना पुलिस चौकी से ज्यादा दूर नहीं है। बावजूद इसके सूचना के बाद पुलिस काफी देर बाद पहुंची। एसपी सिटी कमलेश बहादुर ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।