लाटघाट। अजमतगढ़ विकास खंड के अतरकक्षा गांव में शुक्रवार की दोपहर एक व्यक्ति लोगों के घरों पर स्वच्छ भारत अभियान, ग्रामोदय से भारत उदय अभियान का स्टीकर जिस पर भवन संख्या लिखा हुआ था। उसे चिपकाकर गृहस्वामी से 40 रुपये वसूल रहा था। ठगी का एहसास होने पर ग्रामीणों ने उसे बंधक बना लिया। साथ ही घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दिया, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। इसपर ग्रामीणों ने युवक को छोड़ दिया।
अतरकक्षा गांव निवासी अजीत चौहान, नगीना, बालचंद, शोभनाथ, सूरज, कलावती, लालती, कमली, ओंकार आदि ने बताया कि बिहार का रहने वाला एक व्यक्ति शुक्रवार की दोपहर उनके गांव में पहुंचा। उसके पास मौजूद थैले में स्वच्छ भारत अभियान, ग्रामोदय से भारत उदय अभियान का स्टीकर था। जिस पर मकान नंबर पर भी लिखा हुआ था। वह सभी के भवनों पर स्टीकर चिपकाकर 40 रुपये ले रहा था। इस प्रकार वह गांव के करीब 40 से अधिक लोगों के घरों पर स्टीकर चिपकाकर रुपये ले चुका था। इसीबीच गांव वालों को ठगी का एहसास हुआ तो ग्रामीण उसे बंधक बना लिए। साथ ही घटना की सूचना बीडीओ अजमतगढ़ को दी गई। बीडीओ ने कहा कि इस प्रकार का कोई भी स्टीकर लगाने का आदेश नहीं हुआ है। ऐसा हो रहा तो यह ठगी है। ग्रामीण बीडीओ को सूचना देने के साथ-साथ जीयनपुर कोतवाल को भी सूचना दी। करीब दो घंटे तक कोई भी अधिकारी या पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में गांव वालों ने ठगी युवक को छोड़ दिया। बीडीओ अजमतगढ़ दिलीप कुमार सोनकर ने बताया कि सरकार की तरफ से ऐसे किसी भी प्रकार का स्टीकर नहीं लगवाया जा रहा। वह अपने स्तर से इसकी जांच करवा रहे हैं।