बलरामपुर/मेंहनगर। बीते चौबीस घंटे के भीतर हुए तीन अलग-अलग हादसे में जहां दो वृद्धों की मौत हो गई। वहीं युवक घायल हो गया। उसे सीएचसी मेंहनगर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाइक चलाते समय चालक हेलमेट नहीं पहने थे।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव निवासी वंशीधर पाठक (70) मंगलवार की शाम को मुबारकपुर थाने के गजहड़ा पंप के पास खड़ा होकर आटोरिक्शा आने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान उधर से गुजरी अनियंत्रित बाइक से वंशीधर को टक्कर लगने से वह घायल हो गए। परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार की भोर में मौत हो गई। वंशीधर दो बेटा और दो बेटी के पिता था। इसीक्रम में मऊ जिले के दोहरीघाट थाने के हरदौली गांव निवासी सुखई विश्वकर्मा (70) मंगलवार को बाइक से कहीं जा रहे थे। थाना क्षेत्र के रामगढ़ धनौली के पास अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल हो गए। परिवार के लोग सुखई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात को उनकी मौत हो गई। इसीक्रम में रानी की सराय थाना क्षेत्र के जगरन्नाथ सराय गांव निवासी अवनीश यादव (25) पुत्र रामवृक्ष गुरुवार की दोपहर बाइक से कहीं जा रहा था। जैसे ही वह मेंहनगर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास पहुंचा कि सामने से आ रही अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल हो गया। जबकि दूसरी बाइक सवार बाल-बाल बच गया। अवनीश यादव को सीएचसी मेंहनगर में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।