मुबारकपुर। थाने की पुलिस शनिवार की सुबह क्षेत्र के मुहल्ला पूरा खिजिर गांव निवासी राउफ के हाते में छापेमारी कर 1.25 क्विंटल प्रतिबंधित मांस के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर ली। मौके से पशु वध करने वाले औजार भी बरामद की। पुलिस ने बरामद मांस को नष्ट कर दिया। आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनका चालान कर दी।
सीओ सदर मो. अकमल खां के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में पूरा खिजिर मुहल्ला निवासी शमशाद अहमद, नौशाद अहमद, दिलशाद अहमद, मुहल्ला पूरारानी निवासी जमाल अख्तर और अब्दुर्रहमान का नाम शामिल है। सीओ ने बताया कि यह लोग राउफ के हाते में प्रतिबंधित पशुओं का वध करके उनकी मांस की सप्लाई करने के लिए डिब्बे में पैक कर रहे थे। शनिवार की सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी मुबारकपुर कौशल पाठक अपनी टीम के साथ छापेमारी कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर मौके से 1.25 क्विंटल प्रतिबंधित मांस के अलावा एक कुल्हाड़ी, चार चापड़ और तराजू मौके से बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया। जांच के लिए मांस का नमूना लेकर अन्य को नष्ट करवा दिया गया।