लालगंज । देवगांव कोतवाली पुलिस की मदद से यूपी एटीएस की टीम बुधवार की दोपहर बसहीं अकबालपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर छापेमारी कर उसे हिरासत में ली और लखनऊ के लिए रवाना हो गई। एटीएस के छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक बसही अकबालपुर गांव निवासी गुलाम किबरिया पुत्र मौलाना जकरिया बुधवार की दोपहर अपने घर पर मौजूद था। तभी देवगांव कोतवाली पुलिस के साथ कुछ सफेदपोश असलहा धारी पहुंचे वे लोग अपने को यूपी एटीएस बताते हुए गुलाम किबरिया को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने लाए। यहां लिखापढ़ी के बाद उसे अपने साथ लेकर चले गए। पुलिस सूत्रों की मानें तो गुलाम किबरिया को एटीएस के अलावा किसी अन्य थाने की पुलिस भी उठा सकती है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरमा गया है। एसपी सिटी सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि ऐसी कोई जानकारी उनके पास नहीं है, ना ही किसी ने कोई सूचना ही दी है।