आजमगढ़। आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश प्रवक्ता और जिला संयोजक राजेश यादव के नेतृत्व में गुरुवार को जिला अस्पताल में जहरीली शराब कांड में मृतकों के परिजनों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार से मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा और जनपद में शराब माफियाओं के साथ सांठगांठ रखने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। ।
राजेश यादव ने कहा कि सरकार चाहे जिसकी हो जहरीली शराब से जनपद आजमगढ़ में घटनाएं नहीं रूक रही हैं। जिससे स्पष्ट है कि शराब माफिया और प्रशासन की सांठगांठ से यह अवैध व्यापार जिले के कुछ हिस्सों में कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है। जिसके लिए जिला आबकारी और पुलिस प्रशासन पूर्णरूप से जिम्मेदार है। मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। घटना को दबाने और सबूत मिटाने के लिए दो व्यक्तियों का पुलिस प्रशासन ने बगैर पोस्टमार्टम कराए ही दाह संस्कार करा दिया। सबूत मिटाने वाले दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध यथोचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत होना चाहिए। जिला प्रशासन मृतकों की संख्या भी स्पष्ट नहीं कर रहा हैं जबकि मौतें ज्यादा हुई हैं। जिला अस्पताल में इलाज की कोई व्यवस्था नहीं है मजबूरी में पीड़ितों को वाराणसी रेफर कराया जा रहा हैं जिससे जिला अस्पताल की दुव्यर्वस्था भी उजागर हो रही है। प्रतिनिधिमंडल में उमेश सिंह, रामरूप यादव, राघवेंद्र सिंह, इसरार अहमद, अन्नू राय, तेजबहादुर यादव, मीडिया प्रभारी रवींद्र यादव शामिल रहे।