लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव के सिवान में पुलिस ने कच्ची शराब का भंडाफोड़ किया। यहां शराब तस्कर अवैध रूप से भट्ठी चलाते हुए कच्ची शराब बना कर सप्लाई कर रहे थे। मंगलवार की रात मुखबिर के जरिये सूचना मिलने पर एसओ रौनापार ने अड्डे पर छापेमारी की। छापेमारी में भारी मात्रा में शराब व शराब बनाने का उपकरण बरामद किया जबकि आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक फरार आरोपियों में रौनापार थाने के हसनपुर गांव निवासी सतीराम और बृजभान का नाम शामिल हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि एसओ रौनापार दिनेश पाठक को मंगलवार की रात मुखबिर के जरिये सूचना मिली तो हसनपुर गांव के सिवान स्थित अवैध शराब के अड्डे पर छापेमारी की गई। मौके से एक ड्रम में 100 लीटर अपमिश्रित जहरीली कच्ची शराब, 375 लीटर लहन, 250 ग्राम फिटकीरी, दो किलो यूरिया, दो सौ ग्राम नौशादर आदि बरामद हुआ। एसपी ग्रामीण ने बताया कि जहरीली शराब की घटना के बाद हुई सख्ती के चलते इनका अड्डा बंद हो गया था। लेकिन समय बीतने के साथ-साथ यह लोग पुन: इस कारोबार से जुड़कर शराब बनाकर उसकी सप्लाई कर रहे थे। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही।