आजमगढ़। जेल में 15 मार्च को हुई हिंसक घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए शासन ने जेल अधीक्षक अनिल कुमार गौतम, जेलर हरिश कुमार और डिप्टी जेलर भोलानाथ अंबेडकर को निलंबित कर दिया। जेल अधीक्षक के स्थान पर नए वरिष्ठ जेल अधीक्षक बीके मिश्रा की तैनाती कर दी गई है। हालांकि सोमवार की शाम तक वे अपना पदभार नहीं ग्रहण कर सके थे।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक बीके मिश्रा को जेल की कमान उस समय दी जा रही। जब जेल की व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो गई है। ऐसे में नए कर्मचारियों के सहयोग से उनके समक्ष जेल के भीतर अभी भी धड़ल्ले से चल रही मोबाइलों के प्रयोग पर रोक लगाना होगी। पूराने घटनाओं पर गौर करें तो जेल के भीतर मोबाइल चलाने से रोकने पर ही जेल में निरुद्ध बदमाश के इशारे पर बदमाशों ने जेल परिसर में घुसकर बंदी रक्षक मानसिंह को गोली मार दी। इसके अलावा 15 मार्च को जेल में छापेमारी के दौरान 35 मोबाइल, 13 चार्जर और सात ईयरफोन मिलने के बाद से ही बंदी आक्रोशित हो गए और जेल में तांडव करने लगे। जेल का माहौल शांत कराने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। इस घटना के बाद से ही शासन का दोषियों पर चाबूक चल रहा है। निवर्तमान जेल अधीक्षक अनिल कुमार गौतम ने बताया कि जब तक नए जेल अधीक्षक नहीं आ जाते, तब तक मुझे यहां रोका गया है। उनके आते ही चार्ज सौंप देंगे।