गोरिया बाजार। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के बघैला गांव निवासी संजू वर्मा (18) ने मंगलवार की देर रात संदिग्ध हालात में पंखे से लटककर जान दे दी। वह ब्यूटीपार्लर से लौटने के बाद कमरे में बैठकर मोबाइल पर दोस्त से बात कर रही थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। मौत का कारण का पता नहीं चला है।
एसओ बिलरियागंज संजय सिंह के मुताबिक बघैला गांव बिलरियागंज बाजार से सटा हुआ है। संजू पुत्री हरिनाथ वर्मा कस्बे के एक ब्यूटी पार्लर में काम सीखने जाती थी। उसके परिवार में मां-बाप, छोटी बहन के अलावा तीन भाई और भाभियां रहती हैं। बताया जाता है कि मंगलवार की शाम संजू ब्यूटी पार्लर से घर लौटी। वह अपने कमरे में बैठकर टीवी देख रही थी, साथ ही दोस्तों से मोबाइल पर बात भी कर रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे संजू के कमरे से चीख सुनाई दी। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो कमरे का दरवाजा बंद था। दरवाजा तोड़ा गया तो देखा वह पंखे से लटक हुई थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही है।
दीवार ढही, दबकर महिला की मौत
मार्टीनगंज। सरायमीर थाने के फत्तेपुर गांव निवासी मीरा देवी (35) पत्नी मोतीलाल की बुधवार की भोर में कच्चे मकान की दीवार ढहने से दबकर मौत हो गई। घटना के समय वह घर में सोई हुई थी। मोतीलाल मुंबई में रहकर नौकरी करता है। जबकि उसकी पत्नी मीरा देवी घर पर अपने दो बेटी और दो बेटों के साथ रहती थी। मंगलवार की रात मीरा बच्चों के साथ मकान में सोई हुई थी। बुधवार की भोर में उसके कच्चे मकान की दीवार ढह गई। जिसमें मीरा दब गई। जबकि उसके बच्चे बच गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। गांव के लोग मिट्टी हटाकर मीरा को बाहर निकाला। जब तक उसे अस्पताल ले जाने का प्रबंध किया जाता कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसकी लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी।
ट्रेन से कटकर युवती ने दी जान
बलरामपुर। सिधारी थाना क्षेत्र के गोडिय़ाना मुहल्ले में स्थित रेलवे ट्रैक पर बुधवार की सुबह करीब दस बजे ट्रेन के आगे कूदकर युवती ने आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। लाश की पहचान कराने का प्रयास की। शिनाख्त न होने पर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। पुलिस के मुताबिक सलवार और समीज पहने हुए युवती की उम्र बीस वर्ष के आसपास होगी। उसके पास से एक पर्स मिला। जिसमें एक पत्र, कैंची पीले रंग का ब्लाउज का पीस रखा हुआ था। युवती ने लेटर में अपनी जिंदगी से मायूस होने वाली बात लिखी है। पुलिस युवती की पहचान और लेटर के सच का पता लगाने में जुटी हुई है।