आजमगढ़। भू-माफियाओं ने विभागीय कर्मचारियों के साथ साठगांठ कर 30 साल से लापता व्यक्ति की जमीन के नाम पर मुआवजे के 95 लाख रुपये हड़प लिए। जिस दिन खाते में रुपये आए उसी दिन 18 लाख कैश निकाल लिए, 40 लाख के सोने की खरीददारी की और शेष रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया गया। शिकायत के बाद सीआरओ ने खाते को सील करने के साथ तहसीलदार से मामले की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही दोषियों के खिलाफ एफआईआर की बात कही है।
बूढ़नपुर तहसील के भीलमपुर छपरा निवासी सुग्रीव राम पुत्र धनई 30 साल से लापता है। उसके हिस्से की कुछ जमीन थी जो आजमगढ़-लखनऊ हाईवे में आ गई। सुग्रीव के गायब होने के बाद जमीन की वरासत उसके भाई राजकुमार के नाम हो गई थी। इस बीच उस जमीन पर भू-माफियाओं की नजर पड़ गई। उन्होंने विशेष भूमि अध्याप्ति कार्यालय के कर्मचारियों की मिलीभगत से सुग्रीव नाम के फर्जी आदमी को खड़ा कर दिया। योजना के तहत उसका एक प्राइवेट बैंक में खाता खुलवाया गया। जिस दिन विभाग की ओर से मुआवजे की धनराशि खाते में ट्रांसफर हुई उसी दिन खाते से 18 लाख कैश निकाल लिए गए, 40 लाख के सोने की खरीददारी करने के साथ शेष रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। मामले की शिकायत भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के सदस्य अरुण सिंह के साथ पीड़ितों ने मंगलवार को सीआरओ आलोक वर्मा से की। सीआरओ ने खाते को सील करने के साथ तहसीलदार से मामले की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही दोषियों के खिलाफ एफआईआर कराने को कहा है।
000000000
मामले की शिकायत मिली है। बैंक खाते को सील करने की निर्देश दिए गए हैं। तहसीलदार से भी रिपोर्ट मांगी गई है। खाते में लगाए गए दस्तावेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी। फर्जीवाड़े में शामिल आरोपियों पर एफआईआर कराई जाएगी
आलोक वर्मा, सीआरओ