मेजवां। नगर पंचायत फूलपुर के शनिचर बाजार तिराहे पर रविवार की देर शाम खड़े एक युवक को एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने पीटकर घायल कर दिया। साथ ही तीन राउंड गोलियां चलाते हुए भाग निकले। पीड़ित युवक ने तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के शनिचर बाजार निवासी अब्दुल्ला पुत्र सुल्तान रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे शनिचर बाजार तिराहे पर खड़ा था। अब्दुल्ला का आरोप है कि एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और बगैर कुछ बोले लात-घूंसों से हमला कर दिया। भीड़भाड़ वाला इलाक ा होने की वजह से आसपास के लोग बीच-बचाव करने और मनबढ़ों को पकड़ने के लिए दौड़े। लेकिन मनबढ़ों ने असलहा निकालकर ताबड़तोड़ हवाई में फायरिंग कर भाग निकले। नगर पंचायत में फायरिंग होने की सूचना पर सीओ फूलपुर संतोष सिंह, कोतवाल रमायन सिंह मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में लोगों से पूछताछ करने के बाद पुलिस वापस लौट गई। घटना के संबंध में अब्दुल्ला ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें एक युवक को नामजद और दो अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।