लाटघाट। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट बाजार के एक डाक्टर को अज्ञात बदमाश रजिस्ट्री भेजकर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी है। साथ ही रुपये न मिलने पर परिवार सहित उसकी हत्या करने की धमकी दी है। धमकी भरा रजिस्ट्री पत्र मिलने के बाद से डाक्टर और उसका पूरा परिवार भयभीत है। गुरुवार को इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई।
पीड़ित डा. सुनील कुमार यादव मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के चेराईडीह गांव के निवासी हैं। वह लाटघाट बाजार में अमिला रोड पर क्लिनिक खोलकर चलाते हैं। गुरुवार को डा. सुनील को डाकिया ने रजिस्ट्री पत्र दिया। जिसको खोलकर देखने पर पता चला कि रजिस्ट्री भेजने वाले बदमाश ने डा. सुनील से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये न मिलने पर परिवार सहित जान मारने की धमकी दी है। धमकी भरा पत्र मिलने से डाक्टर और उसका परिवार भयभीत है। उसने कार्रवाई के लिए गुरुवार को जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हो तो दोषी के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।