मार्टीनगंज/लाटघाट। दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिछियापुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में छत के रास्ते घुसे चोर गुरुवार की रात भीतर घुसे और करीब ढाई लाख रुपये का सामान लूट ले गए । इस दौरान दंपती के जग जाने पर चोर उन्हें तमंचे से भयभीत कर भाग गए । इसीक्रम में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बाजार गोसाई में स्थित एक कंप्यूटर की दूकान का ताला तोड़कर भीतर घुसे चोर करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चुरा लिया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिछियापुर गांव निवासी लालजीत यादव अपने खेत में मकान बनाकर रहते हैं। गुरुवार की रात परिवार के लोग भोजन करने के बाद सो गए। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर छत के रास्ते भीतर घुसे और कमरे में रखा बक्सा आदि तोड़कर सामान निकाल रहे थे। भीतर आवाज होने पर लालजीत का बेटा मुन्ना यादव और उसकी पत्नी जग गई। चोर इन दोनों को तमंचा दिखाकर भयभीत कर ढाई लाख रुपये का आभूषण और सामान लूट ले गए। लालजीत ने तीन लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। इसी क्रम में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजुवां गांव निवासी बृजेश मौर्य की बाजार गोसाई में कंप्यूटर की दूकान है। 19 अक्तूबर की रात चोर दूकान का ताला तोड़कर भीतर घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चुरा लिया। घटना के संबंध में पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।