मार्टीनगंज/बलरामपुर। बरदह बाजार में गुरुवार की सुबह सड़क किनारे खड़े ट्रक में जौनपुर से आ रही जीप पीछे घुस गई। इस हादसे में जीप में सवार महिला की जहां मौत हो गई वहीं नौ अन्य लोग घायल हो गये। घायलों में दो की हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।
बरदह थाना क्षेत्र के महुजा नेवादा गांव निवासी 40 वर्षीय सतीश पुत्र शीतला की जौनपुर जिला स्थित रिश्तेदारी में वैवाहिक समारोह था। जिसमें शामिल होने के लिए सतीश परिवार और रिश्तेदारों को लेकर अपने जीप से जौनपुर गया हुआ था। गुरुवार की सुबह सभी जीप में सवार होकर वापस लौट रहे थे। अभी जीप बरदह बाजार में ही पहुंची थी कि अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से घुस गई। इस हादसे में जीप में सवार सतीश के साथ ही 50 वर्षीय निशा पत्नी मुन्ना, 10 वर्षीय साक्षी पुत्री मुन्ना निवासीगण महुजा नेवादा थाना बरदह, 42 वर्षीय संदीप पुत्र रघुवंश निवासी मंदुरी थाना कंधरापुर, 40 वर्षीया शशिकला पत्नी महेंद्र, 16 वर्षीय दिपांशु पुत्र महेंद्र निवासीगण मधसिया थाना तहबरपुर, 50 वर्षीया प्रेम बालिका पत्नी नागेंद्र, 22 वर्षीया अंशु पुत्र नागेंद्र और 42 वर्षीय सुषमा राय पत्नी राजेश निवासीगण डीढहर थाना अहरौला घायल हो गये। हादसे के बाद सभी घायलों को पीएचसी ठेकमा लाया गया जहां हालत गंभीर देख सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुषमा ने दम तोड़ दिया। वहीं सतीश और संदीप को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल पर उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में रोना-पीटना मच गया है। मृतका एक पुत्र और दो पुत्रियों की मां थी। ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और चालक व खलासी मौके से फरार हो गये।
नहर में गिरा बाइक सवार, डूब कर मौत
बलरामपुर। अहरौला थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में नहर की पुलिया से टकरा कर बाइक सवार 25 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र मातबर सिंह निवासी गौरी थाना अहरौला नहर में गिर गया। जिससे नहर में डूब जाने से उसकी मौत हो गई। युवक की अभी 22 जून को शादी हुई थी। बुधवार को दिन में वह बाइक से कहीं जा रहा था कि हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में रोना-पीटना मच गया। मृतक आठ भाईयों में छठे स्थान पर था।