अहरौला। थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में घुसे बदमाशों ने महिला को असलहे से आतंकित कर बंधक बना लिया। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघा कर बेहोश कर दिया और खटिया से बांध दिया। इसके बाद घर में रखे नकदी, जेवरात व कीमती कपड़े लूट कर बदमाश फरार हो गये। सुबह महिला के देर तक न उठने पर बाहर सो रहे परिजन अंदर गये तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।
मोलनापुर गांव निवासी सतीश का घर इन दिनों निर्माणाधीन है। गुरुवार की रात सतीश की पत्नी अनीता घर के अंदर स्थित एक कमरे में सोई थी। वहीं परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। देर रात अज्ञात बदमाश घर के अंदर घुस गये और अनीता को असलहे के बल पर बंधक बना लिया। फिर बदमाशों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सूंघा कर बेहोश करने के बाद चारपाई से बांध दिया। इसके बाद बदमाशों ने आराम से कमरें में रखे बक्से का ताला तोड़ कर कीमती चीज खोजना शुरू कर दिया। बदमाशों के हाथ 13 हजार रुपये नकदी के साथ ही महिला के गले, कान और नाक में पड़े जेवरात और कुछ कीमती कपड़े आदि लगे। जिसे लेकर वे चंपत हो गये। सुबह अनीता जब देर तक सोकर नहीं उठी तो सतीश अंदर उसे जगाने के लिए पहुंचा। कमरे का दरवाजा खोलते ही अनीता बेहोशी की हालत में चारपाई से बंधी मिली। उसे तत्काल दवा आदि दी गई, कुछ देर बाद होश में आने पर उसने आपबीती बयां किया। सतीश ने घटना के बाबत अहरौला थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे दी है।