शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा (राजपूत थोक) में 29 अप्रैल को हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके ट्रैक्टर ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ड्राइवर ने युवक की हत्या अवैध संबंधों के चलते की है। हत्या में प्रयुक्त रस्सी और लूटे गए जेवर और मोबाइल भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने नामजद आधा दर्जन लोगों को क्लीनचिट दे दी है।
मृतक की पत्नी ने कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति सिद्दीक की खेत में भूसा समेटते समय सधुवा और उसके तीन पुत्र मंतू, राजेंद्र और संतू तथा सधुवा के साले लालमन और तीन अज्ञात लोगों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। उसका भी गला दबाकर मारने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या और हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं की रिपोर्ट दर्ज की थी।
शुक्रवार को मीडिया को अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल ने बताया कि पुलिस टीम ने इस घटना का खुलासा कर लिया है। बताया कि मृतक की पत्नी ने गलत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एएसपी के मुताबिक सिद्दीक की हत्या ट्रैक्टर ड्राइवर चचेरे भाई चिंकू उर्फ अतहर अली पुत्र चुन्नू (तिंदवारा) ने की। इसमें मृतक की पत्नी भी शामिल थी। खुद को बचाने के लिए झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि आरोपी अतहर अली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी, पायल, मंगलसूत्र और तीन मोबाइल फोन शुक्रवार को बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के सामने अभियुक्त अतहर ने बताया कि सिद्दीक को पता चल गया था कि उसकी पत्नी से उसके अवैध संबंध हैं। पत्नी ने उससे कहा था कि जो करना हो करो, लेकिन मुझे इससे (सिद्दीक) से बचाओ।
अपर एसपी ने बताया कि घटना वाले दिन पत्नी सिद्दीक को भूसा भरने के बहाने ले गई। वहां प्रेमी अतहर और सहयोगियों ने सिद्दीक की हत्या कर दी। इसकी योजना दो दिन पहले बनाई गई थी। एसपी शालिनी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम दिया है। घटना का खुलासा करने वाले टीम में कोतवाली प्रभारी श्रीनिवास यादव और उप निरीक्षक उपेंद्र प्रताप सिंह, हीरालाल, राजेंद्र प्रसाद यादव, अजय कुमार सिंह, शालिनी सिंह भदौरिया और कांस्टेबल करन सिंह परिहार, अनिल कुमार, संदीप कुमार तथा संदीप सिंह शामिल रहे।
नामजद अभियुक्तों को बचाने का आरोप
बांदा। राजपूत थोक तिंदवारा के आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षरों से एसपी को दी अर्जी में कहा है कि पुलिस ने दबाव में नामजद आरोपियों को बचाने का प्रयास किया है, जिसे आरोपी बनाया है वह मृतक का ट्रैक्टर ड्राइवर है। घटना वाली रात नौ बजे वह अपने घर के आंगन में सो रहा था। उसके पास पत्नी रेहाना और परिवार के अन्य लोग सो रहे थे। रात डेढ़ बजे फोन पर सूचना मिली कि सिद्दीक की हत्या कर दी गई है। यूपी-100 को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच का अनुरोध किया। अर्जी देने वालों में सत्तार, रेहाना, मर्री, फारुख, तारिक आदि शामिल हैं। ब्यूरो