आजमगढ़। राष्ट्रीय उलमा कौंसिल के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने कौंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना आमिर रशादी के विरुद्ध उनके भतीजे की पत्नी की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट की जांच कराकर न्याय किए जाने की अपील की।
दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि मुकदमा कायम कराने वाला हामिद संजरी राष्ट्रीय उलमा कौंसिल से निकाल दिए जाने के कारण राजनीतिक द्वेष के कारण मौलाना को बदनाम करने के लिए साजिश के तहत ऐसा किया है। उन्होंने ज्ञापन में यह भी बताया कि मृतका की शादी आठ-नौ साल पहले हुई थी। उसके तीन बच्चे भी है। उसकी मृत्यु हुए डेढ़ माह हो गए है। मृतका के जनाजे में उसके परिवार के लोगों के साथ ही मृतका का छोटा बहनोई हामिद संजरी भी शामिल था। जनाजे की नमाज खुद मृतका के बड़े भाई हमदान ने पढ़ाई थी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मौलाना आमिर रशादी और उनके बड़े भाई अम्मार 25 साल से अधिक समय से अलग-अलग रह रहे है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से दर्ज कराई गई रिपोर्ट की जांच कराकर न्याय किए जाने की अपील की है।