अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खुझिया बाजार में स्थित यूबीआई बैंक के पास गुरुवार की दोपहर सिर पर धान रखकर सड़क पार कर रही महिला की अनियंत्रित बाइक की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे बाइक सवारों को गांव वालों ने पकड़ लिया। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। लोग पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर आजमगढ़-मऊ मार्ग जाम कर दिया। सीओ सदर के आश्वासन पर आधा घंटे बाद जाम समाप्त हो गया।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव निवासी बुनिया देवी (50) पत्नी जितेंद्र राम गुरुवार को खेत गई थी। दीपावली के दूसरे दिन पडने वाले गोवर्धन पूजा के लिए नई फसल का चुरा बनाने के लिए धान काटकर सिर पर रखकर घर लौट रही थी। आजमगढ़-मऊ मुख्य मार्ग पर स्थित खुझिया गांव में यूबीआई के पास पहुंचकर वह सड़क पार कर रही थी। तभी शाहगढ़ बाजार की तरफ से आ रही अनियंत्रित बाइक ने टक्कर मार दी। घटना के बाद बाइक सवार भागने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। लोग जब तक बुनिया देवी को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई। घटना के लिए ग्रामीण पुलिसवालों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। गांव वालों का कहना है कि यहां अक्सर दुर्घटना होती है। कई बार सिपाहियों से यहां ब्रेकर बनवाने और वाहनों चालकों को धीमी गाड़ी चलाने को कहा गया। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीण शव रखकर मौके पर आजमगढ़-मऊ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने की सूचना पर सीओ सदर, सिधारी, जहानागंज और मुबारकपुर थाने की पुलिस को लेकर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर आधा घंटे बाद जाम को समाप्त करा दिया। बुनिया देवी एक बेटा और दो बेटियों की मां थी। उसके तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है। ठीक दीपावली के दिन बुनिया देवी की मौत हो जाने से उसके घर कोहराम मचा है।