आजमगढ़ के भटवरियां गांव के पास मंगलवार की रात ऑटो चालक लहूलुहान और बेहोशी की हालत में मिला। जानकारी होने पर परिजन उसे लेकर अस्पताल जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रानी की सराय थाना क्षेत्र के विषहम गांव निवासी उबैदुल्लाह (25) वर्ष ऑटो चलाकर अपनी जीविका चलाता था।
मंगलवार की रात भटवरिया आवंक गांव के पास वह अचेतावस्था में पड़ा था। मौके से गुजर रहे लोगों ने पास जाकर देखा तो उसका गला कटा हुआ था। घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजन उसे लेकर अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि युवक ने धारदार हथियार से अपना गला और बाएं हाथ की नस काट लिया है। घटना आत्महत्या प्रतीत होती है। फिलहाल परिजन भी अभी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।