पवई। पहाड़पुर गांव में मझुई नदी के बगल में स्थित कराह नाला पर बना शवदाह स्थल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। बिना एक भी शव जले 22.35 लाख के शवदाह स्थल के धराशाई होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। मामले की जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पहाड़पुर कराह नाला पर प्रधान की ओर से वर्ष 2016 में 22.35 लाख की लागत से शवदाह स्थल बनवाया गया था। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शवदाह स्थल नदी के किनारे बनना चाहिए था जहां पर शव जलाए जाते हैं। प्रधान ने इसे नाले के किनारे बनवा दिया। यहां पर न तो जाने का रास्ता है और न ही आज तक वहां एक भी शव जलाया गया है। शवदाह स्थल बनने के एक ही माह बाद इसका टिन शेड टूट गया। जो भी इंटरलॉकिंग फर्श बनी है वह भी टूट गई है। इंडिया मार्का हैंडपंप पानी नहीं देता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र यादव, दीपचंद मिश्रा, दयाशंकर पांडेय, अतुल कुमार सिंह, पिंटू यादव, रितेश यादव, अजय यादव आदि ने उच्चाधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है ।