मेंहनगर (आजमगढ़)। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय से संचालित महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही से नित नए आरोप लग रह है। अब मेंहनगर क्षेत्र स्थित एक महाविद्यालय प्रशासन पर छात्रों ने अपने छात्रों को नकल कराने का आरोप लगाते हुए शनिवार को हंगामा कर दिया। हालांकि विद्यालय प्रशासन नकल कराने के आरोप से इन्कार किया है।
महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय से कुल 454 महाविद्यालय संबद्ध हैं। जिसमें आजमगढ़ के 211 और मऊ जनपद के 132 महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन परीक्षा केंद्रों पर सेमेस्टर परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। शनिवार को एक महाविद्यालय में छात्रों ने नकल कराने को लेकर हंगामा किया।
छात्र मनीष ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा अपने विद्यालय के बच्चों को नकल कराई जा रही है। इसके बाद छात्रों ने उक्त मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस संबंध में प्रबंधक सुरेंद्र यादव ने कहा कि छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं। किसी को न तो नकल कराई गई है और न ही नकल कराने के लिए पैसे लिए गए हैं। परीक्षा के दौरान एक लड़का पीछे मुड़कर देख रहा था। जिसे कक्ष निरीक्षक ने फटकार लगाई। परीक्षा खत्म होने के बाद उक्त छात्र ने अन्य छात्रों को लेकर वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। विद्यालय के हर कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं कैसे कोई नकल करा सकता है। उनके सारे आरोप निराधार है।