आजमगढ़। नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को कई वार्डों के सभासदों ने नगरपालिका प्रशासन पर शिथिल कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान सभासदों ने ईओ कार्यालय में तालाबंदी की। आरोप लगाया कि वार्डों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं, लेकिन नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
सभासदों ने बताया कि सड़क, नाली, पटिया, खड़ंजा और पथ प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। शादी-ब्याह का मौसम चल रहा है, ऐसे में लोग कार्य कराने के लिए सभासदों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन नगर पालिका सहयोग नहीं कर रही। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भी लोगों को चक्कर लगाना पड़ रहा। सभासदों ने कहा कि बोर्ड की बैठकों में प्रस्ताव पास होते हैं, ग्रांट भी उपलब्ध है, लेकिन टेंडर जारी नहीं किए जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में सभासद पुनीत राय, चंद्रशेखर, मो. अफजल, अतुल सिंह, महताब कुरैशी, सुरेश कुमार शर्मा, विजय चंद यादव आदि सभासद शामिल रहे। संवाद