लाटघाट। बीज गोदाम हरैया पर किसान उस समय हंगामा कर दिए जब कुछ किसानों को बिना अंगूठा लगाए ही बीज बांट दिया गया। सूचना के बाद पहुंची रौनापार पुलिस ने किसी तरह से किसानों को शांत कराया। बहुत से किसान शाम तक लाइन में लगे रहे लेकिन उनको बीज नहीं मिला।
रबी सीजन की बोआई के लिए कृषि विभाग द्वारा राजकीय बीज गोदामों से किसानों को सब्सिडी पर गेहूं का बीज बांटा जा रहा है। गेहूं बोआई का पीक समय होने के कारण बीज की मांग बढ़ गई है। बीज गोदाम हरैया पर बीज आने की सूचना पर सोमवार सुबह से बीज लेने के लिए किसानों की लंबी कतार लग गई। बीज वितरण शुरू हुआ लेकिन कुछ ही घंटे बाद किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसान कुछ खास लोगों को अधिक बीज देने और बिना अंगूठा के वितरण का आरोप लगाने लगे। उधर किसानों के हंगामे को देखते हुए बीज वितरण भी बंद कर दिया गया। इसके बाद तो किसान गोदाम प्रभारी और एडीओ कृषि पर मानकों के विपरीत बीज बांटने का आरोप लगाने लगे। गोदाम पर अफरा तफरी मची रही। बनियापार निवासी किसान जीतबंधन ने बताया वह सुबह छह बजे से लाइन में हैं शाम को पांच बज गया लेकिन बीज नहीं मिला है। मऊ कुतुबपुर निवासी ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि कुछ किसानों को 10 से 15 बोरी तक बिना बायोमेट्रिक अंगूठा लगाए ही बीज दिया जा रहा है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष रौनापार मंतोष सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस संबंध में एडीओ कृषि दिलीप चौरसिया ने कहा कि हमने सिर्फ चार किसानों को 10 बोरी गेहूं का बीज दिया।
00
बायोमेट्रिक से किसानों को ढाई बजे तक 300 बोरी बीज का वितरण किया गया। नेटवर्क खराब होने के कारण वितरण बंद कर दिया गया था। इसी बीच एडीओ कृषि दिलीप चौरसिया कुछ लोगों को बिना अंगूठा लगाए ही बीज दे दिये। रामाश्रय, बीज गोदाम प्रभारी