मुबारकपुर। स्थानीय कस्बे में नपा के पेयजल पाइप लाइन से दूषित पानी की सप्लाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है। 36 घंटे की खोजबीन के बाद भी नपा के जलकल विभाग के कर्मी लीकेज नहीं ढूंढ सके। वहीं कस्बे में एक बार फिर दूषित पानी की सप्लाई होते ही स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। रविवार को पुरारानी मुहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लोरीन की गोली वितरित करना शुरू कर दिया।
कस्बे के पुरारानी मुहल्ले में शनिवार को आधा दर्जन से अधिक ग्रामों में दूषित पानी की सप्लाई हुई। दूषित पानी के साथ मुहल्ले वाले सड़क पर उतर आए और नपा प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। दूषित पानी के सप्लाई की सूचना पर नपा प्रशासन के भी हाथपांव फूल गए। आनन फानन में जलकल की चार टीमें चार अलग-अलग स्थानों पर खोदाई कर लीकेज ढूंढना शुरू कर दिया। 36 घंटे के बाद भी जलकल विभाग की टीम एक भी लीकेज नहीं ढूंढ सके, लीकेज को ठीक करना तो दूर की बात। पुरारानी मुहल्ले में दूषित पानी की सप्लाई से पूरे कस्बे में हड़कंप की स्थिति है। लोग नपा प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि नपा प्रशासन की इस लापरवाही से कस्बे में फिर पीलिया फैल सकता है। उधर रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरारानी मुहल्ले में घर-घर क्लोरीन की गोली वितरित कर उसका इस्तेमाल करने की अपील की।
पुरानी पाइप लाइन बदलने की मांग
पुरारानी मुहल्ला निवासी मेराज अली, नसीम अहमद, मुजफ्फर इमाम आदि ने मुहल्ले में पेयजल की सप्लाई के लिए बिछी सारी पुरानी पाइपों को बदलने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नपा प्रशासन द्वारा जर्जर व क्षतिग्रस्त पाइप लाइन से पानी की सप्लाई की जा रही है। जिन स्थानों पर नपा प्रशासन लीकेज खोज रहा है, उन स्थानों पर पूरे साल में चार से पांच पर खुदाई कर लीकेज ठीक किया जा चुका है।
अवकाश के बाद भी जुटे रहे कर्मी
रविवार की छुट्टी के बाद भी नपा प्रशासन के कर्मचारी रविवार को भी लीकेज खोजने में जुटे रहे। दूषित पानी की सप्लाई क्या हुई नपा प्रशासन के होश ही पूरी तरह से उड़े हुए हैं। ईओ मोबाइल स्वीच ऑफ कर बैठे हुए हैं तो वहीं जलकल निरीक्षक रविंद्र सिंह, नपा के बाबू राजन चौधरी के साथ ही ठेकेदार राजू जायसवाल रविवार को पूरे दिन पूरारानी वार्ड में लीकेज खोजने में ही जुटे रहे।