अहरौला। जिला अस्पताल में 20 मई को इलाज के दौरान मृत कोरोना संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 18 मई को ही जिला अस्पताल में मृत एक अन्य संदिग्ध की रिपोर्ट अभी तक नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
अहरौला थाना क्षेत्र के अरहरिया निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की 20 मई की रात नौ बजे जिला चिकित्सालय में मौत हो गई थी। वो 20 साल से अपने परिवार के साथ मुंबई के हाथी बाग इलाके में किसी की प्राइवेट गाड़ी चलाता था। 15 अप्रैल को अपने घर इसी प्राइवेट गाड़ी से आया था। घर पहुंचने से पहले ही वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पर स्क्रीनिंग कराई थी। उसे होम क्वॉरंटीन किया गया था। दूसरे दिन इसकी हालत बिगड़ गई थी। सीएचसी के प्रभारी डॉ. योगेश कुमार गौतम ने 17 अप्रैल की रात को उसे मेडिकल कालेज चक्रपानपुर भेजा। इसके बाद वहां से इसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सैंपल गोरखपुर भेजा गया था, लेकिन रिपोर्ट नहीं आई थी। 20 मई की रात उनकी मौत हो गई। कोरोना के डर से गांव में भय का माहौल था। रविवार को इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर, 18 मई की रात को जिला अस्पताल में हरैया ब्लाक के नैनीजोर निवासी की मौत हुई थी वो राजस्थान से आया था। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि गोरखपुर से अभी उसकी रिपोर्ट नहीं आई है।
सिपाही की रिपोर्ट आई निगेटिव
लाटघाट। रौनापार थाना के एक पीआरवी वैन में तैनात सिपाही का भाई बलिया में पाजिटिव मिला था। थाने का सिपाही भाई को छोड़ने के लिए घर गया था। इसकी जानकारी होने के बाद 18 मई को थाने के सिपाहियों की सैंपलिंग कराई गई थी और उनको क्वारंटीन किया गया था। भाई को छोड़ने गए सिपाही की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस थाने का बलिया का रहने वाला एक अन्य हेड कांस्टेबल भी कोरोना संक्रमित है।