आजमगढ़। कोरोना संक्रमण की भयावहता पर कोई लगाम नहीं लग रहा है। एक दिन की शांति के बाद रविवार को फिर नए संक्रमितों के मिलने व मौत के आकड़ों में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। रविवार को जिले में कुल 320 नए संक्रमित पाए गए है तो वहीं राजकीय मेडिकल कालेज में छह की मौत हुई। जिसमें पांच आजमगढ़ जिले के रहने वाले है। वहीं एक मृतक मऊ का बताया गया है।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि रविवार को जिले में जगह-जगह हुई जांच में कुल 320 नए संक्रमित मिले है। इन संक्रमितों के मिलने के बाद जिले में अब तक कुल मिले संक्रमितों की संख्या13280 हो गई है। वहीं वर्तमान में एक्टिव केस की संख्या 3949 पर पहुंच गई है। मतगणना के दौरान कोविड गाइड लाइन की जम कर अनदेखी हुई है। जिसके चलते आने वाले दो चार दिनों में संक्रमण की रफ्तार और तेज होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। जहानागंज संवाददाता के अनुसार राजकीय मेडिकल कालेज के नोडल डॉ. दीपक पांडेय ने बताया कि बीते चौबीस घंटे में मेडिकल कालेज में कुल छह लोगों की मौत हुई। जिसमें पांच आजमगढ़ व एक मऊ का शामिल रहा। उन्होंने बताया कि अहरौला थाना क्षेत्र के 35 वर्षीय युवक को को शनिवार भर्ती किया गया। जिसकी उसी शनिवार की देर शाम मौत हो गई।
शहर के अराजीबाग निवासी 70 वर्षीय वृद्ध को 27 अप्रैल की रात 8:30 बजे भर्ती किया गया जिनका इलाज के दौरान शनिवार की देर रात 1:15 बजे मौत हो गई। सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर निवासी 56 वर्षीय अधेड़ को 26 अप्रैल की रात 3:00 बजे भर्ती किया गया जिनका इलाज के दौरान रविवार की प्रात: 7:30 बजे मौत हो गई। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के 47 वर्षीय युवक को 1 मई दिन शनिवार की शाम 3:30 बजे भर्ती किया गया जिनका इलाज के दौरान रविवार की प्रात: 6:00 बजे मौत हो गई। वहीं मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र निवासीनी 55 वर्षीया महिला को 1 मई दिन शनिवार की शाम 3:22 पर भर्ती किया गया जिनका इलाज के दौरान रविवार की प्रात: 9:00 बजे मौत हो गई।