23 जनवरी तक बंद रहेंगे सभी स्कूल, कॉलेज
जिले में तेजी से बढ़ रहा कोरोना का संक्रमण
स्कूल बंद होने से पढ़ाई की सता रही चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
आजमगढ़। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी स्कूल-कॉलेज 23 जनवरी तक बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर दिए गए हैं। उधर, स्कूल बंद होने से पढ़ाई को लेकर शिक्षक व छात्र-छात्राएं चिंतित हैं।
शासन ने संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए छह से 15 जनवरी तक 12वीं तक के स्कूलों को बंद कर पढ़ाई ऑनलाइन शुरू करने के आदेश दिए थे। इस दौरान केवल वैक्सीनेशन के लिए छात्रों को स्कूल बुलाने का आदेश था। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने 23 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर बेसिक से संचालित समस्त विद्यालयों को बंद किया गया है। वहीं डीआईओएस डा. वीके शर्मा ने बताया कि अभी तक हमारे पास स्कूल बंद करने का कोई आदेश नहीं है। आदेश आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
प्रतिक्रियाएं
कोरोना तेजी से फैल रहा है। स्कूल बंद होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित तो होगी लेकिन वह सुरक्षित रहेंगे। हमारा पूरा प्रयास है कि ऑनलाइन के माध्यम से उन्हें पढ़ा सकें। -रमाकांत वर्मा, प्रबंधक, प्रतिभा निकेतन स्कूल
बच्चों को सुरक्षित रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। स्कूल बंद होने से ऑनलाइन माध्यम से उन्हें पढ़ाया जा रहा है। ताकि पढ़ाई बाधित न हो। -राजेंद्र यादव, सर्वोदय पब्लिक स्कूल