आजमगढ़। कोरोना ने काफी कुछ बदलाव कर दिया है। इस बदलाव का असर अब गर्भवती महिलाओं के डिलेवरी की व्यवस्था पर भी पड़ा है। जिले में हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित मुबारकपुर क्षेत्र के प्रसूताओं की डिलेवरी की दो जगहों पर व्यवस्था की गई है। जिला महिला अस्पताल व राजकीय मेडिकल कालेज में इस हॉटस्पॉट एरिया की गर्भवती महिलाओं की डिलेवरी के लिए कोरोना प्रसव रूम अलग से स्थापित किया गया है।
जिला महिला अस्पताल में पहले से स्थित लेबर रूम के अलावा हॉटस्पॉट ऐरिया की गर्भवती महिलाओं की डिलेवरी के लिए अलग कोरोना प्रसव रूम बनाया गया है। इसके साथ ही इस व्यवस्था के सफल संचालन के लिए अलग से नर्स व डॉक्टर की ड्यूटी भी लगाई गई है। यहां हॉटस्पॉट एरिया की गर्भवर्ती महिलाओं की डिलेवरी की व्यवस्था की गई है, जिसकी डिलेवरी नार्मल होनी है। वहीं सिजेरियन के लिए कोरोना प्रसव रूम की व्यवस्था राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर की गई है। यहां डिलेवरी के लिए आने वाले गर्भवती महिलाओं की पहले कोविड जांच कराई जा रही है। इसके बाद पूरी सतर्कता बरतते हुए आपरेशन कर डिलेवरी कराई जा रही है।
हॉटस्पाट एरिया के लिए यह व्यवस्था कराई गई है। दोनों अस्पतालों पर जो कोरोना प्रसव रूम बनाए गए है, वहां की सारी व्यवस्थाओं को अलग रखा गया है। जिला महिला अस्पताल पर नार्मल डिलेवरी की व्यवस्था है तो राजकीय मेडिकल कालेज पर सिजेरियन की व्यवस्था कराई गई है। - डॉ. संजय गुप्ता, एडिशनल सीएमओ, आजमगढ़
कोरोना प्रसव वार्ड अलग बना है। वहां के लिए डॉक्टर, नर्स व अन्य स्टाफ अलग तैनात कर दिए गए है। इसके साथ ही उक्त स्पेशल कोरोना प्रसव वार्ड में आने व जाने का रास्ता भी एकदम अलग रखा गया है। वैसे अस्पताल में अप्रैल माह में लगभग ढाई सौ डिलेवरी हुई है। जो सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम है। - डॉ. अमिता अग्रवाल, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल, आजमगढ़
फिलहाल मेडिकल कालेज पर सभी क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं की डिलेवरी कराई जा रही है। हॉटस्पॉट एरिया से आने पर ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। कोविड जांच आदि कराने के बाद ही आपरेशन से डिलेवरी कराई जा रही है। हर डिलेवरी के बाद प्रसव कक्ष को सैनिटाइज कराया जा रहा है। नर्सों व डॉक्टरों को मास्क, ग्लव्स, सैनिटाइजर उपलब्ध कराए गए है। कोरोना संक्रमण के प्रभावित लोगों के यहां इलाज के चलते अब सामान्य मरीज यहां कम हो गए हैं। - डॉ. आरपी शर्मा, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कालेज, आजमगढ़